लातेहार  : उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मनरेगा से संचालित विभिन्न विकास योजना, आवास की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को बेहतर कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य के अनुरूप राज्य सरकार के द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया।


मनरेगा के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा के क्रम में ज्यादा से ज्यादा मानव दिवस सृजित करते हुए ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा मनरेगा के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं को गति के साथ पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता एवं सुनियोजित तरीके से कराएं ,ताकि सभी योग्य लोगों को इसका लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंडों में चल रहे योजनाओं के कार्य प्रगति की क्रमवार जानकारी ली और लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने को कहा।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आंबेडकर आवास योजना, अबुआ आवास योजना की प्रगति की समीक्षा के क्रम में लंबित योजना में तेजी लाने तथा विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर प्रखंड स्तर पर माइक्रो प्लान बनाकर कार्य करने कि बात कही। पीएम आवास योजना (ग्रामीण) कि समीक्षा के क्रम में उन्होंने नें कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर अपूर्ण आवास निर्माण कार्य को पूर्ण कराए।

इस दौरान लंबित किस्तों (प्रथम/द्वितीय/तृतीय) का नियमानुसार यथाशीघ्र भुगतान करना का भी निर्देश दिया गया। इसके अलावा अबुआ आवास योजना अंतर्गत स्वीकृत प्रतिशत में तेजी लाने तथा योजना अंतर्गत सभी किस्तों का ससमय भुगतान हो यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आमजनों के हित के लिए संचालित इन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर सफल बनाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए सभी अधिकारियों को सक्रिय रूप से प्रयासरत रहने हेतु निर्देश दिया गया।

उप विकास आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि संवेदनशील होकर लोगों को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने हेतु प्रयास किये जाने चाहिए। साथ ही निरन्तर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए योजना की पूर्णता में तेजी लाना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि हर स्तर से ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने के प्रयास होने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *