रांची : राज्य स्थापना दिवस समारोह के वृहद आयोजन को लेकर मोहराबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें उपविकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, निदेशक, कला-संस्कृति आसिफ एकराम, अपर समाहर्त्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, सदर अनुमण्डल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी श्री राकेश सिंह सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं आयोजन में जुटी विभिन्न एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थें।

 

इस दौरान 11 से 16 नवम्बर 2025 तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान पदाधिकारियों ने निर्देश दिया कि राज्य स्थापना दिवस के सभी कार्यक्रम भव्यता, गरिमा एवं सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करने वाले हों।

कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण : 

11 नवंबर 2025 – “रन फॉर झारखण्ड”

राज्य स्थापना दिवस-2025 के अवसर पर “रन फॉर झारखण्ड” कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 06:30 बजे से किया जाएगा। यह दौड़ मोरहाबादी मैदान से प्रारंभ होकर सैनिक मार्केट, मेन रोड तक संपन्न होगी।

 

12 नवंबर 2025 – पारंपरिक नृत्य (स्ट्रीट डांस): 

अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक राॅंची शहर के विभिन्न स्थलों पर पारंपरिक नृत्य (स्ट्रीट डांस) का आयोजन किया जाएगा, जिनमें प्रमुख स्थल हैं –करमटोली चौक, फिरयालाल चौक, राजेन्द्र चौक, बिरसा चौक, धुर्वा गोलचक्कर, एयरपोर्ट क्षेत्र, मोरहाबादी पार्क, समाहरणालय (वेंडर मार्केट के समीप), रांची रेलवे स्टेशन, नामकुम चौक तथा हटिया (चांदनी चौक)।

13-15नवंबर 2025 – साइकिल रैली का आयोजन

राज्य के पर्यटन स्थलों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु “नो योर टूरिस्ट पैलेस” साइकिल रैली का आयोजन होगा। 13 नवम्बर को रैली मोरहाबादी मैदान से प्रारंभ होकर लतरातु डैम (रिसोर्ट) तक पहुंचेगी।

14 नवम्बर को रैली लतरातु से राँची के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करते हुए खूंटी जिले में रात्रि विश्राम करेगी।

15 नवम्बर को साइकिल रैली खूँटी से भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू तक जाएगी, जहां श्रद्धांजलि अर्पित कर रैली का समापन किया जाएगा।

14 नवंबर 2025 – वॉल पेंटिंग

राॅंची नगर निगम द्वारा चिन्हित स्थलों पर राज्य स्थापना दिवस की थीम पर आधारित वॉल पेंटिंग की जाएगी।

 

15-16 नवंबर 2025 – मुख्य कार्यक्रम

मोरहाबादी मैदान में राज्य स्थापना दिवस-2025 का मुख्य राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रदर्शनियां एवं सम्मान समारोह शामिल होंगे।

16 नवंबर 2025 – जतरा कार्यक्रम

पूर्वाह्न 11:00 बजे से जेल चौक स्थित बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान से करमटोली चौक होते हुए मोरहाबादी मैदान तक “जतरा” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

“आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” अभियान
बैठक में दिनांक 18 नवम्बर 2025 से 15 दिसम्बर 2025 तक “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” अभियान के सफल आयोजन की तैयारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में योजनाओं की जानकारी एवं सेवा प्रदायगी लोगों तक पहुँचनी चाहिए।

सभी पदाधिकारी एवं कर्मी आयोजन अवधि में किसी भी प्रकार की अवकाश पर नहीं रहेंगे। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएँगे, जो समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करेंगे।

यातायात, स्वच्छता, सुरक्षा एवं आपात व्यवस्था से जुड़े सभी विभाग सक्रिय समन्वय बनाए रखेंगे। कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार में सांस्कृतिक एवं स्थानीय कलाकारों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *