गढ़वा : रविवार देर रात सदर थाना क्षेत्र के गढ़वा-रेहला मुख्य मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना बेलचंपा गांव के समीप की है। सामने से आ रहे एक अज्ञात हाईवा ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की भीषणता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवकों की जान चली गई।

मृतक आपस में रिश्तेदार
हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान नरेंद्र कुमार पासवान (30 वर्ष), पिता लखन पासवान, निवासी लवर पांडु गांव, पांडु थाना क्षेत्र, पलामू जितेंद्र पासवान (28 वर्ष), पिता शंभु पासवान, निवासी लवर पांडु गांव, पांडु थाना क्षेत्र। बादल पासवान (20 वर्ष), पिता मनोज पासवान, निवासी भंडार गांव, विश्रामपुर थाना क्षेत्र तथा बिक्की कुमार (18 वर्ष), पिता अशोक पासवान के रुप में हुई है।
सगाई समारोह से लौट रहे थें सभी
बताया जा रहा है कि सभी युवक स्कॉर्पियो से जितेंद्र पासवान की मौसेरी बहन की सगाई समारोह में शामिल होकर बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव से लौट रहे थे। घर वापसी के दौरान बेलचंपा गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
वाहन काटकर निकाला गया शव
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्कॉर्पियो के बुरी तरह पिचक जाने के कारण शव अंदर फंसे हुए थे। पुलिस ने कटर मशीन की सहायता से वाहन काटकर कड़ी मशक्कत के बाद चारों शवों को बाहर निकाला और सदर अस्पताल गढ़वा भेजा, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस अज्ञात हाईवा की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।