मेदिनीनगर : रविवार की दोपहर मेदिनीनगर–रांची नेशनल हाईवे-39 मुख्य पथ पर सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत खामडीह गांव में बंगला स्कूल के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिंगल रोड पर मोटरसाइकिल और ट्रक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान अंजय उरांव (पिता वीरेंद्र उरांव), निवासी कुलिया गांव के रूप में हुई है। वहीं घायलों में अंशु उरांव और पंकज उरांव शामिल हैं, जिन्हें गंभीर हालत में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि अंशु उरांव की शादी आगामी 20 फरवरी को होने वाली थी।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अंशु की बहन के घर रजडेरवा शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे। इसी दौरान खामडीह स्थित बंगला स्कूल के पास एक वाहन को ओवरटेक करने के क्रम में सामने से आ रहे ट्रक से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई।
घटना की सूचना पर सतबरवा थाना की पेट्रोलिंग गश्ती में शामिल एएसआई सुखसागर सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए एमएमसीएच पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने अंजय उरांव को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।