CRIME NEWS/मेदिनीनगर : 16 जनवरी को चैनपुर और शहर थाना क्षेत्र में मिले दो शवों के मामले में सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। दरअसल, मात्र 1300 रुपये की लूट के बाद दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। बताते चलें कि चैनपुर थाना क्षेत्र के रैनीबांध तालाब के पास 16 जनवरी को एक आंशिक जला शव मिला था, जिसकी पहचान आबादगंज डालटनगंज निवासी शंकर राम (35 वर्ष) के रूप में हुई।

ठीक उसी दिन शहर थाना क्षेत्र में डालटनगंज रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे पुल के पास से एक अन्य युवक का शव बरामद किया गया था। दोनों शवों को देखकर सर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी।

इस मामले में चैनपुर और शहर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसपी के निर्देशानुसार एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में टीम गठित कर अनुसंधान शुरू किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने कल्याणपुर निवासी चुनमुन उर्फ अजीत चौधरी (25 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 15 जनवरी की शाम वह डालटनगंज रेलवे स्टेशन के पास करिया उर्फ छोटू और शंकर राम के साथ गांजा पी रहा था। इसी दौरान उसे पता चला कि शंकर राम के पास 1300 रुपये हैं। पैसे के लालच में अजीत और छोटू शंकर राम को बहला फुसलाकर रैनीबांध के पास सुनसान जगह ले गए। वहां उसे पटककर पर्स सहित 1300 रुपये लूट लिए। वहीं पकड़े जाने के डर से उन्होंने पत्थर से सर कुचलकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव में आग लगा दी।

इसके बाद दोनों डालटनगंज रेलवे स्टेशन की ओर लौटे। रास्ते में पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद छोटू ने हत्या की जानकारी उजागर करने की धमकी दी। जिससे आक्रोशित अजीत ने उसे भी रेलवे पुल के पास ले जाकर पत्थर से सर कुचलकर हत्या कर दी और शव फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक शंकर राम का पर्स आधार कार्ड और फोटो बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *