LIVE PALAMU NEWS DESK : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां सड़क दुर्घटना में स्पेशल ब्रांच में तैनात एक जवान की मौत हो गई। मृतक की पहचान उंटारी थाना क्षेत्र के भदुमा गांव निवासी राजदेव राम के 43 वर्षीय पुत्र शिव कुमार रवि के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि शिवकुमार रवि की ड्यूटी रेहला और विश्रामपुर थाना क्षेत्र में थी। वह सोमवार की शाम करीब 4:00 बजे पैदल रेहला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान केतात गांव के समीप डायवर्सन के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से धक्का मार दिया। वाहन के धक्के से गिरकर शिवकुमार रवि गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण और परिजन घायल शिवकुमार रवि को इलाज के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इधर घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर सुरेश राम,अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी व पुलिस जवान महेंद्र कुमार, विकास कुमार अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गए।