मेदिनीनगर : पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के हमीदगंज स्थित चेयरमैन रोड से मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां एक निजी कोल कंपनी में कार्यरत 30 वर्षीय युवक जितेश दुबे ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह काफी देर तक युवक के कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली और दरवाजा तोड़कर भीतर जाने पर उसका शव फांसी के फंदे से लटका मिला।

आत्महत्या का क्या है कारण स्पष्ट नही
मूल रूप से चैनपुर प्रखंड के पूर्वडीहा निवासी जितेश दुबे के आत्महत्या के कारणों का पता नही चल पाया है। पुलिस के अनुसार पिछले एक दो वर्ष से शहर थाना क्षेत्र की एक लड़की से प्यार करता था।
वह लड़की नाबालिग है। लड़की के घरवालों ने एक सप्ताह पहले थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला समझा-बुझा कर दोनो पक्षों को घर भेज दिया गया था। जानकारी के अनुसार लड़की ने शायद लड़के से संबंध रखने से मना कर दिया इसी में आवेश में आकर लड़के ने फांसी लगा ली।
बेडशीट से बनाया फंदा
मंगलवार सुबह जब परिवार के लोगों ने उसे जगाने की कोशिश की और दरवाजा कई बार खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो संदेह के चलते दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर परिवार स्तब्ध रह गया। जितेश ने बेडशीट से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एमएमसीएच में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।