LIVE PALAMU NEWS DESK : दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने प्रोफेशनल बैडमिंटन से संन्यास लने की घोषणा कर दी है। उन्होंने एक पॉडकास्ट में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि घुटने के दर्द के कारण खेलना और ट्रेनिंग संभव नहीं रह गया है। उल्लेखनीय है कि वे आखिरी बार जून 2023 में सिंगापुर ओपन में खेली थीं।

एक पॉडकास्ट में बात करते हुए उन्होंने बताया कि, मैंने अपनी शर्तों पर खेल शुरू किया और अपनी शर्तों पर ही छोड़ा। उन्होंने कहा कि मेरा शरीर अब इसे हैंडल नहीं कर पा रहा, मैं और पुश नहीं कर सकती। पहले दिन में मैं 8–9 घंटे ट्रेनिंग करती थी, लेकिन अब मेरे घुटने 1-2 घंटे में ही जवाब दे जाते हैं। साइना ने कहा कि उनके घुटनों का कार्टिलेज पूरी तरह घिस चुका है और उन्हें आर्थराइटिस हो गया है।
उपलब्धियां :
बताते चलें कि साइना नेहवाल देश की पहली बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, जिन्होंने साल 2012 लंदन ओलंपिक में महिला एकल में कांस्य पदक जीता। वहीं साल 2015 में विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता। साल 2017 में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीती। वह भारत की एकमात्र महिला खिलाड़ी हैं जिन्होंने विश्व की नंबर 1 की रैंकिंग हासिल की। साल 2010 और 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में वो गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।
प्रारंभिक जीवन :
17 मार्च 1990 को हरियाणा के हिसार जिले में जन्मी साइना एक जाट परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता डॉ. हरवीर सिंह नेहवाल सरकारी नौकरी में थे। जबकि उनकी मां उषा रानी हरियाणा स्तर की बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुकी हैं।पिता की पोस्टिंग हैदराबाद में होने कारण 8 साल की उम्र में साइना वहां शिफ्ट हो गई। उनकी प्रारंभिक ट्रेनिंग हैदराबाद में हुई।
सम्मान :
सरकार ने साल 2009 में उन्हें अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा। वहीं साल 2010 में पद्म श्री और राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। साल 2016 में भारत सरकार ने देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से उन्हें सम्मानित किया।