गढ़वा :अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यवसायी को रंगे हाथों पकड़ लिया तथा उसकी दुकान में तत्काल ताला जड़वा दिया। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यवसायी घरेलू गैस सिलेंडर को अवैध स्रोतों से प्राप्त कर 2700 रुपए में बेच रहा था।

दरअसल एसडीएम को व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लोगों को 2700 रुपए में इंडेन का गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रहा है। जिसके आलोक में कार्रवाई करते हुए 10 मिनट के भीतर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल मिंज के साथ मौके पर पहुंच गए।
जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर दुकान को अगले आदेश तक बंद करवा दिया गया। उक्त व्यवसायी मेन रोड स्थित के मकान में किराए पर किचन पार्ट्स एवं गैस चूल्हे की दुकान संचालित करता है तथा उसी भवन के पीछे वाले हिस्से में बने बेसमेंट में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण लंबे समय से करता आ रहा है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने मौके पर मकान मालिक और अवैध गैस कारोबारी से पूछताछ करते हुए लिखित पक्ष मांगा। मौके पर उन्होंने कहा कि इस अवैध नेटवर्क की सभी अन्य कड़ियों, दोषी एजेंसी को भी ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है, इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घनी आबादी के बीच अवैध रूप से गैस सिलेंडर रखने की अनुमति देने के कारण मकान मालिक की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। उन्होंने इस प्रकार के सभी छोटे बड़े व्यवसायियों को सख्त लहजे में चेताया कि आपदा में अवसर ढूंढने वाले ऐसे लालची कारोबारियों को महंगा सौदा साबित होगा।
एसडीएम ने आम नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र में कहीं भी गैस की कालाबाजारी या अवैध भंडारण की सूचना मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।