गढ़वा : शुक्रवार को एसडीएम सह केंद्रीय विद्यालय गढ़वा के मनोनीत चेयरमैन संजय कुमार ने विद्यालय के नव-निर्मित भवन एवं परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्यालय के प्राचार्य चंदन लोहानी और समस्त शिक्षकों के साथ एक समीक्षा बैठक की।

बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रवेश स्थिति, बोर्ड परीक्षा परिणाम, अनुशासन व्यवस्था और विद्यार्थियों के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं नैतिक शिक्षा देने का आह्वान किया।

9वीं 10वीं के छात्रों संग एसडीएम ने किया संवाद

इस दौरान एसडीएम संजय कुमार ने कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्रों के साथ सीधा संवाद किया और एक-एक पीरियड पढ़ाया भी। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के महत्व, नैतिक मूल्यों, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण और आत्मविकास जैसे जीवनोपयोगी विषयों पर बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए कहा, “केवल अच्छे अंक लाना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं है, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना भी आवश्यक है।”

उन्होंने छात्रों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के क्रम में एसडीएम ने विद्यालय के नवनिर्मित भवन, कक्षाएं, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, खेलकूद सुविधाएं और अन्य बुनियादी ढाँचों का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने स्वच्छता और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए साफ-सुथरा एवं सुव्यवस्थित वातावरण अनिवार्य है। एसडीएम ने शिक्षकों और छात्रों से विद्यालय को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *