गढ़वा : बुधवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने लगातार मिल रही शिकायतों के आलोक में गढ़वा प्रखंड के हरैया गांव में संदिग्ध रूप से भंडारित बालू की जांच की। जांच के दौरान यार्ड के रूप में रखे गए लगभग 300 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर बालू का भंडार पाया गया, जिसके समीप एक निजी स्टॉक यार्ड के नाम का बोर्ड भी लगा हुआ था।

इस दौरान भंडार के चारों ओर कुछ ही घंटे पूर्व ट्रैक्टरों की सहायता से बालू डंप किए जाने के प्रमाण मिले। जिसके बाद एसडीएम ने मौके पर अंचल अधिकारी को तथा खनन पदाधिकारी को भी वस्तुस्थिति से अवगत कराया।

अंचल अधिकारी ने संबंधित व्यवसायी को बुलाकर पूछताछ की, जिसमें यह जानकारी मिली कि उनके द्वारा बालू भंडारण व विक्री का लाइसेंस लिया गया है, तथापि हाल ही में डंप की गई बालू के संबंध में वे संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं कर सके।

एसडीएम ने अंचल अधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया। साथ ही जांच पूर्ण होने तक उक्त स्थल से किसी भी प्रकार के बालू के क्रय-विक्रय एवं परिवहन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *