20 ड्रम अर्धनिर्मित महुआ जावा विनष्ट, निर्मित शराब बहायी
CRIME NEWS/गढ़वा : रविवार को एसडीएम संजय कुमार ने अवैध महुआ शराब निर्माण के विरुद्ध मेराल प्रखंड के रखिया ढेरी गांव के दुर्गम एवं जंगलनुमा क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान मौके पर जलती हुई भट्ठी, बड़ी मात्रा में अर्धनिर्मित महुआ शराब तथा लगभग 18 लीटर निर्मित महुआ शराब बरामद की गई।

अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त सभी उपकरणों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, वहीं बरामद निर्मित शराब को बहाकर विनष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान अरहर के खेत से 20 से अधिक ड्रमों में महुआ जावा छुपाकर रखा हुआ बरामद किया गया। सभी ड्रमों सहित महुआ जावा को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
यह अवैध कारोबार संतू विश्वकर्मा नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। एसडीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण विधि-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। कई बार अज्ञात एवं अवैज्ञानिक तरीके से बनाई गई शराब में एथनॉल के स्थान पर मेथनॉल बनने की आशंका रहती है, जिससे अंधापन, गंभीर बीमारी यहां तक कि मृत्यु तक का खतरा उत्पन्न हो सकता है। ऐसे अवैध कृत्यों के विरुद्ध उनका अभियान निरंतर जारी रहेगा।