गढ़वा : मंगलवार को एसडीएम संजय कुमार ने डंडई प्रखंड क्षेत्र का औचक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने लवाहीकला प्राथमिक कृषि ऋण समिति (पैक्स) एवं आंगनबाड़ी केंद्र भवन से जुड़े विवादों की स्थल जांच की। इस दौरान पैक्स भवन में ताला लगा मिला, जानकारी मिली कि पैक्स अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद गढ़वा गए हुए हैं।

पैक्स जांच के क्रम में उन्होंने मुखिया बच्चालाल गुप्ता, समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों से पैक्स संचालन की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि समिति का संचालन लोकतांत्रिक तरीके से नहीं हो रहा है और कई वर्षों से चुनाव नहीं कराए गए हैं।
लंबे समय से नहीं हुए चुनाव :
यहां के एक किसान ने बताया कि उन्हें पैक्स की ओर से कभी यह सूचना नहीं दी जाती कि बीज व खाद कब उपलब्ध होंगे। अनिल प्रसाद ने कहा कि लंबे समय से समिति का चुनाव नहीं हुआ है। शिवनारायण यादव ने बताया कि उन्होंने एक दो बार यहां धान बेचा। यहां लंबे समय से चुनाव नहीं हुआ, यदि कोई चुनाव हुआ भी तो उन्हें जानकारी नहीं दी गई।
नहीं मिलता समिति के गोदाम से खाद :
वहीं दूसरे ग्रामीण ने बताया कि लगभग 10 वर्षों से एक ही व्यक्ति अध्यक्ष पद पर काबिज है। अन्य ने कहा कि उन्हें कभी भी समिति के गोदाम से खाद नहीं मिला, बल्कि समिति अध्यक्ष के पुत्र की निजी दुकान से ही खाद खरीदनी पड़ती है। इस दौरान मधुबाला देवी ने बताया कि इस बार इस पैक्स को आवंटन नहीं मिला है इसलिए किसानों को दिक्कत हो रही है।
आंगनबाड़ी केंद्र का 70% निर्माण तो हुआ लेकिन अन्य क्षेत्र को आवंटित कर दिया गया भवन :
इसी दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि लगभग 10 वर्ष पूर्व उनके इलाके में एक आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण आरंभ किया गया था, जिसका लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा भी हो गया था, परंतु किसी कारणवश उस भवन को उस पोषक क्षेत्र की बजाय अन्य क्षेत्र को आवंटित कर दिया गया।
एसडीएम ने संबंधित भवन का निरीक्षण किया और कहा कि वे इस विषय में संबंधित विभाग को पत्र लिखेंगे, ताकि उचित समाधान निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है।