COFEE WITH SDM : गढ़वा: इस बुधवार कॉफी विद एसडीएम के साप्ताहिक कार्यक्रम में एसडीएम ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया था। नियत समय बुधवार के 11-12 बजे अनुमंडल क्षेत्र के 50 से अधिक प्रतियोगी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस दौरान एसडीएम ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को प्रेरित किया और कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
मानक और अद्यतन पुस्तक पढने की सलाह :
उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि तैयारी के दौरान केवल मानक और अद्यतन संस्करण की पुस्तकें ही पढ़ें। पुस्तक चयन में उन्होंने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। जिससे सामग्री की गुणवत्ता बनी रहे। उन्होंने कहा कि सामग्री का स्रोत विश्वसनीय हो और उत्तरों की प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें।

समसामयिक के लिए सरकारी वेबसाइटों का लें सहारा :
वहीं समसामयिक विषयों की तैयारी के लिए सरकारी वेबसाइटों का सहारा लेने की सलाह दी गई। इस दौरान छात्रों को बजट, संसद, अर्थव्यवस्था, संस्कृति, पर्यावरण, और अंतरराष्ट्रीय संबंध जैसे विषयों के लिए उपयोगी सरकारी पोर्टलों की सूची दी गई।
एनसीईआरटी की पुस्तकें विशेष सहयोगी :
एसडीएम ने बताया कि कक्षा 6 से 12 तक की एनसीईआरटी की किताबें बप्रतियोगी परीक्षाओं की नींव होती हैं। इन किताबों को डाउनलोड करने के लिए दीक्षा ऐप व ई-पाठशाला पोर्टल का सहारा लिया जा सकता है।
वहीं सिविल सेवा में वैकल्पिक विषय चयन पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि यह आवश्यक नहीं कि छात्र वही विषय चुनें जो ग्रेजुएशन में पढ़ा हो। यदि किसी अन्य विषय में उनकी रुचि और समझ हो तो वह बेहतर विकल्प हो सकता है। शर्त है कि सिलेबस और सफलता दर का आकलन कर लिया जाए। उन्होंने आगे कहा कि भीड़ से अलग सोचें और लक्ष्य हमेशा बड़ा रखें”।
अध्ययन के लिए अनूकुल है वातावरण :-
वहीं छात्रों ने कहा कि गढ़वा का वातावरण अध्ययन के लिए अनुकूल है। विशेष रूप से पुस्तकालय की सुविधाएं और गंभीरता से पढ़ाई करने वाले छात्रों का माहौल प्रतियोगिता की तैयारी के लिए सहायक बन रहा है। इस कार्यक्रम में पहुंचे सभी छात्रों को बाबा कमलेश प्रतिष्ठान की ओर से पेन और नोटबुक उपहार स्वरूप भेंट किए गए।
निजी समस्याएं भी साझा :-
इस अनौपचारिक वार्ता में छात्रों ने अपनी निजी समस्याएं भी साझा कीं, जिनके समाधान के लिए एसडीएम ने यथासंभव पहल का आश्वासन दिया। मौके पर जूही सिंह, अंशुमान, ऋषभ चौबे, सुरुचि मिश्रा, पंकज कुमार, विवेक कुमार, स्नेहा कुमारी,
आयुष दुबे, रमेश यादव, खुशबू कुमारी, शिल्पा साक्षी समेत अन्य उपस्थित थें।