गढ़वा : रात के समय अवैध बालू परिवहन की शिकायतों के मद्देनजर सदर एसडीएम संजय कुमार ने 150 ट्रैक्टर ट्राली मालिकों पर रविवार को निरोधात्मक कार्रवाई आरंभ की है। उन्होंने कहा कि रात्रि के अंधेरे में ट्रैक्टर–ट्रॉली का राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर संचालन गंभीर सड़क दुर्घटनाओं को जन्म दे सकता है।

उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर–ट्रॉली मूलतः कृषि यंत्र है, किंतु गढ़वा में इसका उपयोग बड़े पैमाने पर अवैध खनन की हुई बालू की बेतरतीब ढुलाई के लिए किये जाने की सूचनाएं मिल रहीं हैं।
बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे हैं ट्रैक्टर-ट्रॉली
उन्होंने बताया कि गढ़वा में अधिकांश ट्रॉली बिना नंबर प्लेट, बिना रिफ्लेक्टर तथा बिना हेड/टेल लाइट के चलने की शिकायतें हैं, जिससे रात्रि में पीछे से आने वाले तेज़ रफ्तार वाहनों के साथ टक्कर की संभावना अत्यधिक बढ़ जाती है। जो कभी भी बड़ी सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है
अवैध खनन से जुड़े चालक अधिक मुनाफे की लालसा में रात भर कई ट्रिप करने के लोभ में तेज़ गति से ट्रैक्टर चलाते हैं, जिससे एक ओर आम नागरिकों के रात्रि-विश्राम और नींद में व्यवधान होता है और दूसरी ओर गंभीर दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है।
एसडीएम ने जिन डेढ़ सौ से अधिक लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई आरंभ की है उनमें डंडई प्रखंड के 5, कांडी के 11, मेराल के 20, डंडा के 11, गढ़वा के 77, मझिआंव के 23 और बरडीहा के 5 ट्रैक्टर मालिक के नाम शामिल हैं।