गढ़वा : सदर SDM संजय कुमार ने रविवार को गढ़वा शहर के आसपास वर्षा के कारण जल-जमाव से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। लगमा गांव के पास भारी जल-जमाव से करीब 15 से 20 घरों में पानी भरने की सूचना पर संजय कुमार मौके पर पहुँचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत की और तत्काल राहत कार्य शुरू करवाया।


उन्होंने पथ प्रमंडल के अभियंताओं को निर्देश देकर जेसीबी मशीन के माध्यम से अस्थाई हल के रूप में जल निकासी करवाई। इसके साथ ही अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि आवश्यकता अनुसार वे इन प्रभावित लोगों को नजदीकी सरकारी भवनों में सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर सकते हैं।

उन्होंने सदर बीडीओ को निर्देश दिया कि वे स्थल पर जाकर और वस्तु स्थिति का आकलन कर जरूरत अनुसार पात्र बुजुर्गों एवं अक्षम लोगों के लिए राशन की समुचित आपात व्यवस्था करें। लगमा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान पंचायत के मुखिया श्री शरीफ अंसारी, राजस्व निरीक्षक तथा अंचल कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित थे।

इसके अतिरिक्त, शिव मंदिर (चिनिया रोड) के पास भी जल-जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे समीपवर्ती दो बड़े विद्यालयों के बच्चों को आवागमन में काफी कठिनाई हो रही है। इस मामले में एसडीएम ने कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल तथा कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद गढ़वा को आपसी समन्वय स्थापित कर इस समस्या के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *