दो दिन पहले भी 11 लोगों पर हुई थी कार्रवाई
गढ़वा : एसडीएम संजय कुमार ने अवैध बालू उठाव को लेकर मिल रही शिकायतों के एहतियातन मझिआंव और गढ़वा सदर प्रखंड के 12 लोगों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की है। जिन लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है उनमें अखिलेश जायसवाल, सुनील जायसवाल, सरवन तिवारी, बुधन बिंद, आनंद सिंह, तोफो खान, सुनील यादव, नूर आलम, नागेंद्र यादव, बबलू मेहता, विक्रमा यादव, प्रयाग चौधरी के नाम शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि माननीय राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) की ओर से वर्तमान में नदी घाटों से बालू उठाव पर पूर्णत: रोक है। इसके साथ ही, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत उन्होंने खुद भी नदी घाटों के आसपास बालू उठाव, परिवहन और भंडारण पर विशेष निषेधाज्ञा लागू की है। इसके बावजूद उन्हें विभिन्न स्रोतों से लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग संगठित रूप से बालू उठाव का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल अवैध हैं बल्कि क्षेत्र में शांति भंग की आशंका भी उत्पन्न करती हैं, इसलिए गढ़वा प्रखंड के 8 तथा मझिआंव प्रखंड के चार लोगों पर कार्रवाई की है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी उन्होंने गढ़वा प्रखंड के 11 व्यक्तियों पर निरोधात्मक कार्रवाई की थी। फिलहाल सभी को कारण पृच्छा के साथ एसडीएम कोर्ट में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सदर अनुमंडल क्षेत्र के अन्य प्रखंडों में भी ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।