लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: एसडीओ संजय कुमार ने सोमवार को सूरत पांडे डिग्री कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्राचार्य, टीचिंग स्टाफ तथा नॉन टीचिंग स्टाफ अनुपस्थित पाये गये। जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों इस डिग्री कॉलेज के करीब 15 शिक्षकों ने अनुमंडल पदाधिकारी को महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के विरुद्ध वित्तीय अनियमितताओं सहित ससमय वेतन भुगतान नहीं करने आदि शिकायतों के साथ एक शिकायती पत्र सौंपा था।

जिसकी वस्तु स्थिति जानने हेतू सोमवार की दोपहर तकरीबन 2:30 बजे एसडीओ कॉलेज पहुंचे। लेकिन कॉलेज में न तो प्राचार्य मौजूद थें न ही शिकायत करने वाले एक भी शिक्षक। मौके पर केवल पीयून मनोहर राम मौजूद थें। पूछे जाने पर पीयून ने बताया कि प्रिंसिपल के साथ-साथ महाविद्यालय के सभी टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ में से कोई भी उपस्थित नहीं हैं। हालांकि इसके 10 मिनट के बाद एक शिक्षक मौके पर पहुंचे।
इधर फोन के द्वारा प्राचार्य निकलेश कुमार चौबे से कारण पूछे जाने पर वे संतोषजनक कारण नहीं बता पाए। हालांकि इस दौरान उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि 30 से अधिक शिक्षकों एवं अन्य नॉन टीचिंग स्टाफ में से सभी अनुपस्थित हैं। बताते चलें कि अनुमंडल पदाधिकारी इस महाविद्यालय के पदेन अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों व शिक्षकों के इस गैर जिम्मेदाराना व्यवहार के लिए कारण पृच्छा किया जा रहा है।