देवघर : बाबा नगरी देवघर में राजकीय श्रावणी मेला 11 जुलाई 2025 से शुरू हो रहा है। श्रावणी मेला के सफल आयोजन को लेकर देवघर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं।

पेडा़ अधिकतम 400 रुपये प्रति किलो, इलायची दाना 80 रुपये किलो

इसी बीच प्रशासन ने मेले में बिकने वाले प्रसाद, जैसे- पेड़ा, चुड़ा और इलायची दाना की उपलब्धता, गुणवत्ता और कीमत का निर्धारण भी कर दिया है। बता दें कि देवघर के श्रावणी मेले में बिकने वाले प्रसाद के मूल्य में सामान्य बढ़ोतरी की गयी है।

इस साल पेड़ा की सार्वधिक कीमत 400 रुपये प्रति किलो, रायपुर चुड़ा 80 रुपये किलो और वर्द्धमान चुड़ा की कीमत 60 रुपये प्रति किलो निर्धारित की गयी है। इसके अलावा इलायची दाना 80 रुपये प्रति किलो तय किया गया है।

किस प्रकार निर्धारित की गई कीमत

डीसी नमन प्रियेस लकड़ा के जारी आदेशानुसार, रायपुर चुड़ा की कीमत 5000 से 5500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है, जो कि 80 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से है। वहीं वर्द्धमान चुड़ा की कीमत 4800 से 5500 रुपये प्रति क्विंटल है, जिसका प्रति किलोग्राम मूल्य 60 रुपये है।

वहीं पेडा दो प्रकार की सामग्री के आधार पर बनाया जाने वाला पेड़ा की कीमतों पर भी बदलाव किया गया है. पहले प्रकार में 800 ग्राम खोवा और 200 ग्राम चीनी प्रयोग की जाती है, जिसकी कीमत 400 रुपये प्रति किलो है।

जबकि दूसरे प्रकार में 700 ग्राम खोवा और 300 ग्राम चीनी का उपयोग होता है, जिसकी दर 360 रुपये प्रति किलो तय की गई है।

अधिक कीमत पर प्रसाद बेचने पर होगी कार्रवाई

श्रावणी मेले में प्रसाद बेचने वाले सभी दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया है कि कोई भी निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर प्रसाद नहीं बेचेगा। निर्देश का उल्लंघन करने पर ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

गौरतलब है कि बाबा नगरी देवघर का पेड़ा बेहद ही खास और स्वादिष्ट होता है। यही वजह है कि देवघर आने वाले श्रद्धालु अपने साथ यह लोकप्रिय प्रसाद पेड़ा अपने साथ ले जाना बिल्कुल नहीं भूलते हैं। बाबा की नगरी आने वाले हर श्रद्धालु अपने साथ यहां से प्रसाद के रूप में पेड़ा, चुड़ा और इलायचीदाना जरूर ले जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *