मेदिनीनगर : जिले से बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के टेढ़वा पूल श्मशान के पास से पुलिस ने एक नवजात बच्चे का कटा हुआ सिर बरामद किया है। वहीं नवजात का धड़ बरामद नहीं हो सका है। नवजात के धड़ की तलाश में पुलिस सर्च अभियान चला रही है। आशंका जताई जा रही है कि नवजात की बलि दी गयी है।

दरअसल, गुरुवार को मेदिनीनगर टाउन थाना पुलिस को सूचना मिली कि पांकी रोड में संत जेवियर स्कूल टेढ़वा पूल के पास एक नवजात का कटा हुआ सिर पड़ा हुआ है। जिसके आलोक पुलिस मौके पर पहुंची और कटे हुए सिर को कब्जे में ले लिया। वहीं धड़ की तलाश की जा रही है। जिस जगह से नवजात का सिर बरामद हुआ है वहां से कुछ ही दूरी पर श्मशान घाट है। उक्त सिर तीन से चार दिनों के नवजात का है।

इस बाबत टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है, धड़ बरामद करने का प्रयास जारी है। पुलिस पूरे इलाके के अस्पताल का डाटा खंगाल रही है कि पिछले तीन से चार दिनों में कितने बच्चों का जन्म हुआ है और वह फिलहाल कहां हैं। उन्होंने बताया कि सिर को कब्जे में रखा गया है, धड़ बरामद होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और एफआईआर दर्ज कर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *