CRIME NEWS/गढ़वा : आज के दौर में भी झारखंड के ग्रामीण इलाकों में फैला अंधविश्वास कई बार रिश्तों को तार-तार कर देता है। इसी क्रम में एक हृदयविदारक घटना जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र के ग्राम गड़िया से सामने आया है, जहां डायन-भूताही के संदेह में बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान चन्द्रिका राम, पिता स्वर्गीय गेन्हा राम, निवासी ग्राम गड़िया के रूप में हुई है।

दरअसल, 3 जनवरी (शनिवार) की दोपहर बड़गड़ थाना को सूचना मिली थी कि ग्राम गड़िया में एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। इस संबंध में बड़गड़ थाना कांड संख्या 01/26, दिनांक 03.01.2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
डायन- बिसाही का संदेह बना हत्या की वजह :
जांच के दौरान पता चला कि मृतक पूर्व में डायन-भूत व झाड़-फूंक का कार्य करता था। मृतक का बड़ा पुत्र नागेन्द्र मोची उर्फ नागेन्द्र राम अपने तथा अपने बच्चों की बीमारी को लेकर पिता पर डायन-भूत करने का शक करता था और इसी अंधविश्वास ने उसे इस जघन्य अपराध की ओर धकेल दिया।2 जनवरी की रात उसने अपने पिता को घर में अकेला सोता हुआ पाकर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नागेन्द्र मोची उर्फ नागेन्द्र राम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खून लगा कुल्हाड़ी, खून लगी मिट्टी तथा आरोपी की निशानदेही पर खून लगा काला जैकेट और लाल लोवर पैंट बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल:
छापामारी दल में अनु. पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह, पुलिस निरीक्षक सुभाष कुमार पासवान, बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य, पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार वर्मा सहित बड़गड़ थाना के अन्य पदाधिकारी व आरक्षी शामिल थे।