मेदिनीनगर : मंगलवार को जिले अंतर्गत झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती(25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में) समारोह की शुरुआत पुलिस अधीक्षक एवं उपायुक्त के द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर #Run For Jharkhand के साथ की गयी।

झारखंड की तरक्की के लिए आयोजित इस दौड़ में जिले के कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे, युवावर्ग, पत्रकार बंधु, पुलिस बल के जवानों ने अपनी सहभागिता निभाई। इस दौड़ का आयोजन बिरसा मुंडा हेलीपैड पार्क से लेकर नीलांबर-पीतांबर नगर भवन मैदान तक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य की एकता, ऊर्जा, युवा शक्ति और गौरवपूर्ण उपलब्धियों को उजागर करना है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि यह आयोजन राज्य की एकता, सामूहिकता और प्रगति की भावना का प्रतीक है।