मेदिनीनगर : पलामू जिला में पारंपरिक मार्शल आर्ट “गतका” के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन गुरू तेग बहादुर मेमोरियल हॉल, डाल्टनगंज में बड़े ही उत्साह और परंपरागत जोश के साथ किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में जिले के विभिन्न स्कूलों के छात्रों और खेल प्रेमियों ने भाग लिया और गतका की बारीकियों को सीखा।

शिविर में संत मरियम स्कूल, ब्राइट लैंड स्कूल, ओरिएंट पब्लिक स्कूल, ग्रीन वैली इंटरनेशनल स्कूल, गुरू गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल, हाई स्कूल मंदारिया लेस्लीगंज, जिला स्कूल, सेक्रेड हार्ट स्कूल, जे.एस. कॉलेज और कस्तूरबा स्कूल के छात्रों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष सोनू नामधारी,
उपाध्यक्ष गुरबीर सिंह, जबकि विशिष्ट अतिथि बबलू चावला, मन्नत बग्गा और प्रदीप मेहता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण का नेतृत्व गतका एसोसिएशन ऑफ झारखंड के प्रशिक्षक अमित सिंह और उनकी टीम ने किया। इसके अलावा बरवाडीह से मदन लाल और गढ़वा से मनोज सेंसेई ने भी विशेष प्रशिक्षक की भूमिका निभाई।
मौके पर जिला सचिव सुमित बर्मन ने कहा “गतका केवल खेल नहीं, एक संस्कार है, जो बच्चों को अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा की शिक्षा देता है। हमें इसे हर स्कूल और गांव तक पहुंचाना है।”जिला अध्यक्ष सोनू नामधारी ने कहा “आज का शिविर यह संदेश देता है कि पलामू के बच्चे न केवल शिक्षा में, बल्कि परंपरागत युद्धकला में भी उत्कृष्टता हासिल कर सकते हैं।”
उपाध्यक्ष गुरबीर सिंह ने कहा “गतका वीरता, अनुशासन और आत्मबल का संगम है। हम इसे स्कूल से राज्य स्तर तक ले जाएंगे।”शिविर में खेलो इंडिया मेडलिस्ट काजल कुमारी सहित आकाश प्रताप, चांदनी कुमारी, साक्षी कुमारी और सौभाग्य कुमार जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों ने विशेष प्रदर्शन देकर प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया।
शिविर का समापन प्रशिक्षण प्रदर्शन और प्रशस्ति पत्र वितरण के साथ हुआ। यह आयोजन बच्चों को पारंपरिक मार्शल आर्ट से जोड़ने की दिशा में एक नई शुरुआत साबित हुआ।