गढ़वा : शनिवार को व्यवहार न्यायालय, गढ़वा एवं अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय नगर उंटारी में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गढ़वा द्वारा  वर्ष 2025 की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर “नालसा वीर परिवार सहायता योजना 2025” के अंतर्गत विधिक सेवा क्लिनिक का ऑनलाइन उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सह मुख्य संरक्षक तरलोक सिंह चौहान एवं न्यायमूर्ति सह कार्यकारी अध्यक्ष सुजित नारायण प्रसाद ने किया।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गढ़वा कौशल किशोर झा सहित अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार, प्रभात कुमार शर्मा, शिवनाथ त्रिपाठी और अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गढ़वा निभा रंजना लकड़ा ने बताया कि लोक अदालत के लिए 25 पीठों का गठन किया गया था। इस दौरान बैंक से संबंधित 121, आपराधिक शमनीय 529, बिजली से संबंधित 132, मोटर वाहन अधिनियम के तहत 16, कुटुंब न्यायालय के 66, सिविल वाद 5, स्थायी लोक अदालत, उपभोक्ता, नगर परिषद व अन्य विभागों से 1,05,328 और रेवेन्यू के 1,988 वादों सहित कुल 1,08,185 वादों का निष्पादन हुआ।

इन मामलों में कुल ₹5,67,62,354 (पांच करोड़ सरसठ लाख बासठ हजार तीन सौ चौवन) की राशि की वसूली की गई। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में न्यायालय कर्मियों, पीएलवी और प्रशासन का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *