लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : रविवार की दोपहर अचानक मेदिनीनगर टाउन थाना परिसर में आग लग गई। इस आगजनी की घटना में मालखाना के कई वाहन जलकर राख हो गए। बता दें कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से कुछ दूरी पर पुलिस कर्मियों का क्वार्टर, महिला थाना और टीओपी 1 है।

वहीं घटना की सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
क्या है मामला :-
पुलिस कर्मियों का कहना है कि, रविवार की दोपहर टाउन थाना परिसर में झाड़ियों में आग लग गई थी। धीरे-धीरे यह आग झाड़ियों से मालखाना के वाहनों तक पहुंच गई। आगजनी की घटना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
घटना में टाउन थाना के मालखाना से संबंधित कई बाइक और चार पहिया वाहन जल गए। घटना की पुष्टि करते हुए मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि आगजनी की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद पुलिस के जवानों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की थी।
हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो पाए। अग्निशमन गाडियां आकर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी है। घटना में कितनी गाड़ियां जली हैं इसका आकलन किया जा रहा है।