गढ़वा : शनिवार को गढ़वा थाना क्षेत्र के तेनार गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में 25 वर्षीय विवाहिता सुषमा देवी की मौत हो गई। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सुषमा, कंचन कुमार मेहता की पत्नी थी। सुबह उसका शव घर के भीतर फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

शादी के बाद से ही चल रहा था विवाद
इस संबंध में मृतका के पिता शंकर मेहता (निवासी कुकही गांव, भैंसना टोला, थाना हैदरनगर) ने बताया कि वर्ष 2023 में हिंदू रीति-रिवाज से बेटी की शादी कंचन कुमार मेहता से हुई थी। विवाह के बाद से ही दांपत्य जीवन में विवाद की स्थिति बनी रहती थी और अक्सर बेटी को मायके आकर शिकायत करती थी।
जन्मदिन के कार्यक्रम के बाद बढ़ा तनाव
उन्होंने बताया कि सुषमा की बच्ची का 22 अगस्त को जन्मदिन मनाया गया था। उसी रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। बेटी ने फोन पर जानकारी दी थी कि ससुराल पक्ष उससे मारपीट कर रहा है और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
इसी बीच शनिवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि सुषमा ने फांसी लगा ली। लेकिन मायके वालों का कहना है कि शव की स्थिति संदिग्ध थी। उसका एक पैर बिस्तर पर और दूसरा जमीन को छू रहा था। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।
पुलिस कर रही जांच :
इधर पुलिस ने मामले को दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।