चतरा : सोमवार को चतरा नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कीर्तिश्री जी द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्ष अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई तथा सभी वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। समारोह में संबंधित जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

शपथ ग्रहण के उपरांत नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत चुनाव संपन्न कराया गया। उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या 18 के वार्ड पार्षद प्रेमचंद साव तथा वार्ड संख्या 11 की वार्ड पार्षद वेदवती जायसवाल द्वारा नामांकन दाखिल किया गया था। मतदान के पश्चात मतगणना कराई गई, जिसमें प्रेमचंद साव को 13 मत प्राप्त हुए, जबकि वेदवती जायसवाल को 8 मत मिले। एक मत अमान्य घोषित किया गया। बहुमत प्राप्त होने पर प्रेमचंद साव को चतरा नगर परिषद का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता सह निर्वाची पदाधिकारी उपाध्यक्ष अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।