LIVE PALAMU NEWS DESK : ये इश्क़ नहीं आसाँ इतना समझ लीजे इक आग का दरिया है और डूब के जाना है।। ये पंक्तियां अभी के माहौल में तेज प्रताप यादव पर सटीक बैठ रही है। दरअसल, तेजप्रताप यादव ने विगत दिनों सोशल मीडिया पर प्यार का खुल्लम खुल्ला इजहार किया था। जिसके बाद तेजप्रताप यादव को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

तेजप्रताप ने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर कर किया था ऐलान:-
राजद प्रमुख लालू यादव ने अपने बेटे को ना सिर्फ पार्टी बल्कि परिवार से भी अलग थलग करने का फैसला किया है। बीते कल (शनिवार) ही प्रताप यादव ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर किया था, जिसमें वो एक लड़की के साथ नजर आ रहे हैं।जिसके बारे में उन्होंने कहा कि वो उनकी गर्लफ्रेंड हैं और उसके साथ 12 साल से रिलेशन में हैं।
सोशल मीडिया पर हुए इस पोस्ट को लेकर तीखी प्रतिक्रिया आ रही थी। कई लोग ये सवाल उठा रहे थे कि 12 साल से अगर तेज प्रताप रिलेशन में थे, तो फिर शादी क्यों की थी। बता दें कि तेजप्रताप यादव ने ऐश्वर्या राय से शादी की थी, बाद में दोनों अलग हो गये। ऐश्वर्या के साथ उनके तलाक का प्रकरण अभी भी कोर्ट में है।
अकाउंट हैक की बात कही :-
इस बीच शनिवार को नाटकीय तौर पर तेज प्रताप ने मालदीव से इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया था। जिसमें उन्होंने अनुष्का यादव को अपनी गर्लफ्रेंड बताते हुए 12 साल के अपने रिलेशन को स्वीकार किया था। हालांकि बाद में पोस्ट को डिलीट कर दिया गया था। तेज प्रताप ने कहा था कि उनका अकाउंट हैक कर लिया गया था।
लालू ने परिवार व पार्टी दोनों से दूर करने का किया ऐलान :-
अब राजद प्रमुख लालू यादव अपने बड़े बेटे के कृत्य से काफी नाराज नजर आएं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमज़ोर करता है। ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है।
अत: उसे पार्टी और परिवार से दूर करता हूँ। अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भूमिका नहीं रहेगी। उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है। अपने निजी जीवन का भला -बुरा और गुण-दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है। उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें। लोकजीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूँ। परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सावर्जनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है। धन्यवाद।