मेदिनीनगर : एक बार फिर से जिले में बालू माफियाओं का दुस्साहस सामने आया है। जहां अवैध खनन रोकने गए बीडीओ श्रवण भगत और उनकी टीम को माफियाओं द्वारा रौंदने का प्रयास किया गया। घटना सोमवार देर रात उंटारी रोड थाना क्षेत्र के सीढा गांव में घटित हुई।

जिसमें अधिकारी और उनकी टीम बाल-बाल बचे। दरअसल, बीडीओ को बिना नंबर वाले ट्रैक्टर से हो रहे अवैध बालू उठाव की सूचना मिली थी। जिसके बाद वह अपनी टीम के साथ कार्रवाई करने पहुंचे, तो बालू माफियाओं ने उन्हें जान से मारने की कोशिश की। वहीं अधिकारियों से बचने के प्रयास में, ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर एक झोपड़ी में जा घुसा।
हालांकि गनीमत यह रही कि झोपड़ी में मौजूद लोग सुरक्षित थे, लेकिन अंदर बंधे मवेशी जख्मी हो गए। घटना के बाद आरोपी बालू माफिया मौके से फरार हो गए। इधर घटना की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह, उंटारी रोड के बीडीओ और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया।