गढ़वा : आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए आम नागरिकों ने अपनी समस्याओं को उनके समक्ष रखा। जनता की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने मौके पर ही संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवेदनों की प्रति को अग्रसारित कर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई का निर्देश दिया।

कई मामलों में वहीं पर समाधान की दिशा में आवश्यक कदम भी उठाए गए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है, और इसी उद्देश्य से नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है।
जनता दरबार में कांडी प्रखंड के रघुनाथ मिश्रा सहायक अध्यापक नव प्राथमिक विद्यालय सननी नें अपनी अस्वस्थता के कारण विशेष परिस्थिति में प्रतिनियोजन कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि एक वाहन दुर्घटना में उनका दाहिना पैर टूटकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके कारण उन्हें चलने फिरने में काफी कठिनाई होती है एवं आर्थिक परेशानी होती है। अतः उन्होंने उपायुक्त से अपना प्रतिनियोजन कुछ महीनों के लिए सदर प्रखंड के छतरपुर में करने का अनुरोध किया ।
कांडी प्रखंड के रानाडीह निवासी विजय मेहता की पुत्री अंशु कुमारी ने आवेदन समर्पित करते हुए गंभीर बीमारी के इलाज हेतु सहायता राशि की गुहार लगाई है। अंशु कुमारी ने बताया कि वह कैंसर रोग से पीड़ित है तथा समुचित इलाज हेतु आर्थिक रूप से असमर्थ हैं। उन्होंने अपने इलाज के लिए सरकारी सहायता राशि हेतु अनुरोध किया है। इस मामले में उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि गंभीर बीमारी के इलाज हेतु सरकारी सहायता राशि या कोई अन्य प्रावधान है तो इस मामले में समुचित कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
सदर प्रखंड के सोनपुरवा निवासी मुस्कान खातून ने आवेदन समर्पित करते हुए बताया कि समाज कल्याण अंतर्गत प्राप्त होने वाले सरकारी सहायता के तहत कन्यादान राशि का भुगतान उनके खाते में नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले कन्यादान राशि हेतु उन्होंने आवेदन किया था परंतु संबंधित कार्यालय की गलती अथवा किसी कारणवश उनका खाता नंबर गलत अंकित हो जाने के कारण उनके खाते में कन्यादान राशि का भुगतान नहीं हो सका है। उन्होंने अपना खाता संख्या सुधार कराते हुए उक्त राशि का भुगतान कराने का अनुरोध किया है।
बरगढ़ प्रखंड के ग्राम रामर बहेराखांड के सुखलाल सिंह, रामवृक्ष सिंह, अजय सिंह, गनवारी सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से आवेदन समर्पित करते हुए उक्त गांव में अवस्थित तालाब का जीर्णोद्धार करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त तालाब का जीर्णोद्धार कार्य हो जाने से लगभग 32 एकड़ भूमि का सिंचाई हो सकेगा, जिससे कृषि कार्य बेहतर होंगे एवं आम कृषक भूमि सिंचित करने हेतु लाभान्वित होंगे।