गढ़वा : उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने सरकारी दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने एवं बगैर किसी सूचना के अनाधिकृत रूप से कार्यालय में अनुपस्थित पाए जाने के विरुद्ध डंडई प्रखंड के लगभग एक दर्जन से अधिक कर्मियों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई।

उल्लेखनीय है कि उपायुक्त दिनेश कुमार यादव द्वारा दिनांक 16 जुलाई 2025 को प्रखंड -सह- अंचल कार्यालय डंडई एवं पंचायत भवन डंडई का औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान पंचायत भवन डंडई एवं प्रखंड -सह- अंचल कार्यालय डंडई के लगभग एक दर्जन कर्मी बगैर किसी सूचना के अनधिकृत रूप से अपने कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए। फलस्वरुप सभी अनुपस्थित कर्मियों को अपना पक्ष रखने हेतु स्पष्टीकरण किया गया। उक्त के आलोक में प्राप्त स्पष्टीकरण का जवाब असंतोषजनक पाए जाने की स्थिति में सभी पर दंडात्मक कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान जितेंद्र गँझु, कनीय अभियंता 15 वें वित्त, मनोज कुमार पांडे, कनीय अभियंता 15 वें वित्त एवं विकास कुमार B.C. (BPMU) समेत जितेंद्र कुमार रजक लेखा सहायक, प्रेमचंद वर्मा ग्राम रोजगार सेवक, अनिल करकेट्टा ग्राम रोजगार सेवक, विनय कुमार चौबे ग्राम रोजगार सेवक एवं रोहित कुमार बीएफटी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए थें।
प्राप्त स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने के उपरांत उपरोक्त सभी को तत्काल प्रभाव से कार्य करने हेतु रोक लगाई गई एवं रोक अवधि के दौरान मानदेय का भुगतान नहीं किए जाने हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के क्रम में ही एक अन्य ग्राम रोजगार सेवक पंकज कुमार भी अनुपस्थित पाए गए थें, जिनके स्पष्टीकरण का जवाब असंतोषजनक होने के कारण प्रशासनिक दृष्टिकोण से इन्हें प्रखंड डंडई से स्थानांतरित करते हुए प्रखंड भंडरिया में पदस्थापित किया गया।
इसी प्रकार औचक निरीक्षण में पाया गया कि मंजू देवी ग्राम सेविका पदस्थापित प्रखंड कार्यालय मेराल संप्रति अतिरिक्त प्रभार प्रखंड कार्यालय डंडई दिनांक 01 जुलाई 2025 से दिनांक 16 जुलाई 2025 तक कार्यालय में बगैर किसी सूचना के अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाई गईं।
जिसके आलोक में मंजू देवी ग्राम सेविका से स्पष्टीकरण करते हुए उन्हें दिनांक 28 जुलाई 2025 को उपायुक्त के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने हेतु निर्देश दिया गया था। परंतु उनके द्वारा निर्धारित तिथि को भी उपस्थित होकर अपना पक्ष नहीं रखा गया। इस प्रकार के कृत्य को सरकारी सेवक आचार नियमावली के प्रतिकूल पाते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए इनका मुख्यालय प्रखंड कार्यालय रंका निर्धारित किया गया एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी डंडई को निर्देश दिया गया कि मंजू देवी ग्राम सेविका के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर एक सप्ताह के अंदर जिला विकास शाखा गढ़वा में उपलब्ध कराएं।
ताकि उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की जा सके। इसी प्रकार क्षेत्र भ्रमण के दौरान ही अंचल कार्यालय डंडई के निम्न वर्गीय लिपिक प्रभा शंकर दुबे एवं अरुण कुमार रवि भी कार्यालय में अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। उक्त दोनों का स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने एवं कार्यों के प्रति लापरवाही, शिथिलता एवं गलत कार्यशैली प्रदर्शित होने के विरुद्ध झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2016 के नियम 9(1) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया एवं निलंबन अवधि के दौरान उक्त दोनों का मुख्यालय क्रमश: प्रखंड कार्यालय खरौंधी तथा केतार निर्धारित किया गया।