लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : उपायुक्त शशि रंजन ने कार्रवाई करते हुए नीलांबर-पिताम्बरपुर अंचल के राजस्व निरीक्षक महेंद्र राम को काम में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया है। महेंद्र पर जमीन म्यूटेशन के मामले 90 दिन से अधिक दिनों के बाद भी लटकाए रखने, ड्यूटी से गायब रहने व काम में लापरवाही बरतने के आरोप हैं।

क्या है मामला :-
दरअसल, 21 दिसंबर 2024 को अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने नीलांबर-पिताम्बरपुर अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने पाया कि जमीन के म्यूटेशन से संबंधित नामांतरण वाद को अगस्त माह से ही लंबित रखा गया है। 90 दिनों के बाद भी उसका निष्पादन नहीं किया गया है। राजस्व उप निरीक्षक महेंद्र राम ने पंजी 11 में प्लॉटवार रकबा अंकित नहीं किया था जिसके कारण नामांतरण की प्रक्रिया लंबित थी। जबकि ऑनलाइन से पंजी-11 में प्लॉटवार रकबा अंकित है।
जांच में नामांतरण के 25 मामले ऐसे मिले, जिन्हें 90 दिनों से अधिक समय तक बिना आपत्ति के लंबित रखा गया था। इसके साथ ही बॉयोमीट्रिक अटेंडेंस की जांच में पाया गया कि महेंद्र राम प्रतिदिन अंचल कार्यालय नहीं आते।