गढ़वा:  शुक्रवार को उपायुक्त दिनेश यादव ने समाहरणालय स्थित सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी एवं उसके निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनता दरबार में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर लोग उपस्थित हुए।

उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्याओं को रखते हुए सर्वप्रथम मंझिआँव प्रखंड के भूसुआ निवासी रोशन तारा ने आवेदन समर्पित करते हुए राशन कार्ड में अन्य सदस्यों के नाम जुड़वाने का अनुरोध किया है। राशन कार्ड में सदस्यों के नाम जोड़ने के लिए अन्य आवेदक भी उपस्थित थें, जिनकी शिकायतों को उपायुक्त द्वारा सुना गया।

इसी प्रकार मुख्यमंत्री मईयाँ सम्मान योजना अंतर्गत महिलाओं को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत मंझिआँव प्रखंड के भूसुआ निवासी शमा अफरोज ने किया है। उन्होंने बताया कि उक्त योजना के अंतर्गत चार किस्त की राशि उन्हें प्राप्त हुई है, उसके बाद राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है।

भंडरिया प्रखंड के ग्राम कुरुण निवासी कमला कुंवर ने आवेदन समर्पित करते हुए अनुकंपा के आधार पर अपने पुत्र को चौकीदार के पद पर नियुक्त करने के संबंध में अनुरोध किया है।

मेराल प्रखंड के ललिता कुंवर ने आवेदन समर्पित करते हुए अपने स्वर्गीय ससुर के नाम से पंजीकृत जमीन का एलपीसी निर्गत नहीं किए जाने के संबंध में आवेदन समर्पित किया है। उन्होंने बताया है कि 50 वर्ष पूर्व मौखिक रूप से बंटवारा किया गया था जो सही ढंग से नहीं हुआ है।

उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन हेतु जिला स्तर एवं सभी प्रखंडों में सप्ताह के दो दिन मंगलवार एवं शुक्रवार को नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *