लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले में 13 नवंबर को मतदान होना है। वहीं 11 नवंबर, सोमवार को अपराह्न तीन बजे विधानसभा चुनाव प्रचार का भोंपू थम जायेगा। वहीं इसके एक घंटे बाद शराब दुकानें बंद हो जायेंगी, जो 13 की शाम पांच बजे के बाद खुलेंगी। जिले में चुनाव के पूर्व ड्राई डे के तहत जिले की सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी। इस संबंध में पलामू के उत्पाद अधीक्षक संजीत कुमार देव ने दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी शराब दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया है। बता दें कि पलामू जिले में अलग-अलग स्तर की 79 शराब दुकानें हैं। उत्पाद विभाग के अनुसार, 48 घंटे ड्राई डे में किसी तरह की शराब की बिक्री और उसके सेवन व परिवहन पर पूरी तरह रोक रहेगी। इस दौरान शराब बेचते, पीते में पकड़े गए लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
