आरा : बिहार के आरा में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के दूसरे घर में देर रात चोरी का मामला प्रकाश में आया है। घटना के समय घर में केवल पवन सिंह के सास ससुर मौजूद थें। चोरों ने खिड़की खोलकर घर के अंदर प्रवेश किया। घटना नगर थाना क्षेत्र के न्यू मारुति नगर की है। पुलिस को घटना की सबसे पहले जानकारी फोन कर पवन सिंह के भाई रानू सिंह ने दी और स्थानीय थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि इसी घर में पवन सिंह का स्टूडियो भी है। लेकिन चोर वहां तक नहीं पहुंचे। नीचे से ही सारी चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। भाई ने बताया कि करीब 15 लाख की ज्वेलरी, 30 राइफल की गोली समेत 15 हजार नगद की चोरी हुई है। गनीमत यह रही कि चोरों ने राइफल नहीं चुराया।
पवन सिंह की सास कलावती देवी ने पुलिस को बताया कि जब सुबह मैंने दरवाजा खोला तो, दरवाजा नहीं खुल रहा था। जिसके बाद मैंने अपने पति से बोला कि जाकर गली से देखिए क्या हुआ है। तब जाकर पता चला कि चोरों ने खिड़की खोलकर चोरी की घटना का अंजाम दिया है। घर से चोरों ने ‘दो कंगन, लक्ष्मी चेन, एक नवाबी चेन, मंगल सूत्र, दो सिकड़ी, दो अंगूठी, चार जोड़ा छागल, मिलाकर करीब 15 लाख की चोरी की है।
सर्वप्रथम उन्होंने हीं पवन सिंह के बड़े भाई रानू सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी।पुलिस ने पवन सिंह के घर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। फिलहाल मामले की जांच जारी है।