मेदिनीनगर : विगत रात्रि पांकी मुख्यालय स्थित मेन रोड पर घनश्याम ज्वेलर्स में चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी से सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पर गुरुवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और खोजी कुत्तों की मदद से संभावित ठिकानों पर छानबीन की।

खोजी कुत्ता दुकान के पीछे के रास्ते से होते हुए सिंचाई विभाग मैदान और फिर डाक-बंगला पहाड़ी तक गया, जिसके बाद वह वापस लौट आया। इस संबंध में पीड़ित दुकानदार घनश्याम सोनी ने बताया कि दुकान के पीछे एक छोटा गेट है, जिसके ताले को तोड़कर चोर अंदर घुसे। इसके बाद शटर को किसी औजार या मशीन की मदद से उठाकर उसका ताला तोड़ा गया और घटना को अंजाम दिया गया।