चतरा : जिले के इटखोरी में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 19, 20 एवं 21 फरवरी 2026 को तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर, मशहूर गायक अल्ताफ राजा तथा भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी सहित कई नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुति से समा बांधेंगे।

इसके अतिरिक्त विभिन्न राज्यों से आमंत्रित कलाकारों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। महोत्सव में फैशन शो एवं थिएटर की विशेष व्यवस्था की गई है, जहां फिल्म का प्रकाशन भी किया जाएगा। महोत्सव में 500 ड्रोन के माध्यम से भव्य ड्रोन शो का आयोजन आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।

19 एवं 20 फरवरी को बक्सा डैम में प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक इटखोरी एडवेंचर स्पोर्ट्स फेस्ट 2026 के तहत 8 प्रकार की वाटर एक्टिविटी आयोजित की जाएंगी, जिनमें बनाना राइड, डिस्को एवं रिंगो राइड, कायाकिंग, वेक-बोर्डिंग, जेट स्की आदि शामिल हैं।

वहीं लक्षनपुर स्थित भेड़ी फॉर्म डैम के समीप पैरा-सेलिंग, ऑल-रोड बाइकिंग तथा मंदिर रोड इटखोरी में वॉल क्लाइम्बिंग, रैपलिंग एवं रोप कोर्स जैसी एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 21 फरवरी को माँ भद्रकाली मंदिर परिसर स्थित मुहाने नदी तट पर भव्य गंगा आरती आयोजित की जाएगी।

उपायुक्त ने किया स्थलों का निरीक्षण

महोत्सव की भव्य एवं सफल तैयारी को लेकर उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने जिले के वरीय अधिकारियों—उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बन रहे मंच, हेलिपैड स्थल, मंदिर परिसर में रंग-रोगन, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। तत्पश्चात मुहाने नदी तट एवं बक्सा डैम का निरीक्षण कर वाटर एक्टिविटी, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, टोकन काउंटर स्थापना, बैरिकेडिंग, पार्किंग एवं पहुंच पथ की मरम्मत को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

भागीदारी हेतु दिशा-निर्देश

एडवेंचर गतिविधियां 19 एवं 20 फरवरी को प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक आम जनता के लिए निःशुल्क आयोजित की जाएंगी। 15 से 60 वर्ष आयु वर्ग के शारीरिक रूप से सक्षम युवक एवं युवतियां इसमें भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों के लिए पूर्व अनुभव अनिवार्य नहीं है तथा तैराकी न जानने वाले प्रतिभागी भी प्रशिक्षकों की देखरेख में सुरक्षा मानकों के साथ भाग ले सकेंगे। सभी प्रतिभागियों के लिए लाइफ जैकेट का उपयोग अनिवार्य रहेगा। आयोजन “पहले आएं, पहले पाएं” के आधार पर किया जाएगा। 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों के साथ अभिभावक की उपस्थिति आवश्यक होगी।

जल क्रीड़ा में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अतिरिक्त टी-शर्ट, हॉफ पैंट, तौलिया अथवा गमछा तथा हवाई चप्पल स्वयं लाना होगा। अन्य एडवेंचर गतिविधियों के लिए स्पोर्ट्स शूज, फुल शर्ट एवं फुल पैंट/जीन्स अथवा सलवार-सूट पहनकर आना अनिवार्य होगा। प्रतिभागियों को स्कूल, कॉलेज, पंचायत, खेल संघ, नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस, एनसीसी अथवा संबंधित संस्था द्वारा मोहर एवं हस्ताक्षर युक्त अनुशंसा पत्र प्रतिभागियों की सूची सहित लाना होगा।

अधिक से अधिक संख्या में आकर महोत्सव को बनाएं सफल : उपायुक्त

अधिक जानकारी हेतु जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय, चतरा अथवा ई-मेल sports.chatra@gmail.com एवं trustadventure@yahoo.com पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम का निष्पादन एडवेंचर ट्रैवलर्स एकेडमी द्वारा किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी आमजनों से अपील किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर महोत्सव को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *