ट्रैक्टर से टक्कर के बाद गिरा पोल, तार की चपेट में आए लोग

सतबरवा(पलामू): सतबरवा थाना क्षेत्र के हलुमाड गांव में शुक्रवार की शाम खेत में काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे 25 वर्षीय युवक कुंदन कुमार सिंह की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, हलुमाड गांव निवासी अलखदेव सिंह के नाती कुंदन कुमार सिंह खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर की टक्कर से खेत के किनारे खड़ा एक जर्जर विद्युत पोल गिर पड़ा, जिससे उस पर लगे 440 वोल्ट के विद्युत प्रवाहित तार सीधे ट्रैक्टर पर आ गिरे। करंट की चपेट में आने से कुंदन गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के दौरान आसपास के लोग उसे बचाने दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। घायलों में देव कुमार सिंह, कुंदन की पत्नी और एक अन्य ग्रामीण शामिल हैं। घटना सूचना मिलने पर सतबरवा पुलिस मौके पर पहुंची। सभी को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आनन- फानन में तुम्बागड़ा स्थित नवजीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कुंदन को मृत घोषित कर दिया।

कुंदन के पिता अमित सिंह मूल रूप से सदर प्रखंड के सुआ कौड़िया गांव के निवासी हैं, जो पिछले 10 वर्षों से अपने ससुराल हलुमाड गांव में पत्नी और बच्चों के साथ रह रहे हैं। कुंदन की उम्र मात्र 25 वर्ष थी और पिछले वर्ष ही उनका विवाह हुआ था। कुंदन की असमय मृत्यु से पूरे परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।

सतबरवा थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

रिपोर्ट: प्रेम पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *