लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां जमीन विवाद में फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए हैं। जिनमें से एक को रिम्स रेफर किया गया है। मामला डाल्टनगंज विधायक आलोक चौरसिया के गांव से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित पूर्णा मझिगांवा गांव की है। विवाद महज इस बात पर शुरू हुआ था कि क्या जोता था जमीन? इतना पूछने पर ही ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।
दरअसल, जिस जमीन के लिए यह फायरिंग हुई उसका विवाद 1989 से चल रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को विवादित जमीन की जुताई गोतिया के द्वारा किया गया था। जिसके बाद शुक्रवार को सूर्यदेव प्रसाद अपने पारिवारिक जमीन पर जुताई करने से संबंधित पक्ष से पूछताछ करने गए थें। इसी क्रम में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और गोतिया ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
जिसमें सूर्यदेव प्रसाद को गले में गोली लगी। वहीं उनके परिवार के अखिलेश और सुरेंद्र चौरसिया को भी गोली लगी है। सभी को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जहां से सूर्यदेव प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।
घायल अखिलेश चौरसिया ने बताया कि जमीन विवाद में गोतिया के तरफ से फायरिंग हुई है, छत से गोली चलाई जा रही थी।
इस संबंध में चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि जमीन विवाद में फायरिंग हुई है, पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। जमीन का विवाद लंबे समय से चल रहा है।
