गढ़वा : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां सोमवार को रमना प्रखंड मुख्यालय स्थित हरीगणेश मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बस स्टैंड निवासी स्वर्गीय चन्द्रशेखर सोनी की 22 वर्षीय पुत्री संगीता कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि संगीता अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान नगर उंटारी की ओर से गढ़वा जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवती का शरीर ट्रक के चक्के में फंस गया और बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मुख्य सड़क पर जाम लगाकर मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की।

इसी दौरान आक्रोशित भीड़ ने ट्रक के खलासी की जमकर पिटाई कर दी। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह खलासी को भीड़ से बचाया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों का सड़क जाम जारी था।

परिजनों के अनुसार संगीता कुमारी की शादी मात्र छह माह पूर्व बिहार के डेहरी निवासी श्रवण सोनी के साथ बड़े ही धूमधाम से हुई थी। उसकी दर्दनाक मौत की खबर सुनते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे रमना मुख्यालय में शोक की लहर दौड़ गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *