लातेहार : लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र में स्थित प्रोजेक्ट इंदिरा गांधी मेमोरियल बालिका उच्च विद्यालय की छात्राएं इन दिनों सड़कछाप मनचलों से परेशान हैं। स्कूल आने-जाने के क्रम में इन मनचलों द्वारा अक्सर छात्राओं को परेशान किया जाता है। जब स्थिति हद से बाहर हो गई तो छात्राओं ने इसकी शिकायत स्कूल प्रबंधन से की।

जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम छानबीन शुरू कर पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी है।

जिले के बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रोजेक्ट इंदिरा गांधी मेमोरियल बालिका उच्च विद्यालय में 500 से अधिक छात्राएं पढ़ती हैं। छात्राओं का आरोप है कि स्कूल आने के दौरान उन्हें कुछ मनचलों द्वारा परेशान किया जाता है।

इसी दौरान सोमवार को जब छात्राएं स्कूल की छुट्टी के बाद घर वापस जा रही थीं तब कार में सवार दो युवकों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और अपशब्द बोले। जब लड़कियों ने इसका विरोध किया तो युवक छात्राओं को धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्कूली छात्राओं ने प्राचार्य तथा दूसरे शिक्षकों को घटना की जानकारी दी।

प्रधानाचार्य चंदन दास ने बताया कि घटना की जानकारी उन्होंने पुलिस को दे दी है और पुलिस से सुरक्षा की भी मांग की है। पुलिस प्रशासन से यह भी मांग की गई है कि स्कूल आने के समय और छुट्टी के समय इस रास्ते पर सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। जिससे छात्राओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो।

स्कूल प्रबंधन की ओर से थाने में आवेदन देकर मामले की जानकारी दी गई है। मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए पुलिस छानबीन कर रही है। स्कूल के रास्ते में सुरक्षा की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस आम लोगों से अपील करती है कि यदि कहीं भी किसी अपराधी या उचक्के किसी को परेशान करें तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। अमरेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, बालूमाथ थाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *