लाइव पलामू न्यूज : पलामू पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल, पुलिस ने टीएसपीसी के एक लाख रुपए के इनामी उग्रवादी जीवलाल यादव को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पलामू एसपी रीष्मा रमेशन के निर्देशानुसार जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र तुरीदाग पहाड़ से इनामी टीएसपीसी उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एएसपी (ऑपरेशन) राकेश कुमार सिंह नेतृत्व में की गयी।

इस संबंध में गुरूवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए एएसपी ने उक्त आशय की जानकारी दी। एएसपी ने कहा कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के सक्रिय इनामी उग्रवादी जीबलाल यादव उर्फ रमेश यादव उर्फ सुभाष यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि हमें गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी कमांडर शशिकांत जी अपने दस्ते के सदस्यों के साथ नावाबाजार थाना के तुरीदाग पहाड़ के आसपास सक्रिय है।

जिसके आलोक में नावाबाजार, छतरपुर और नौडीहा बाजार थाने की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह टीएसपीसी कमांडर शशिकांत जी के दस्ते का सक्रिय सदस्य है।

बता दें कि 53 वर्षीय जीबलाल यादव पर बिहार सरकार ने 1 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा है। वह बिहार के गया जिले के भदवर थाना क्षेत्र का निवासी है। वर्तमान में वह गया जिले के हडही गांव में रहता है। उन्होंने बताया कि जीबलाल के पास से टीएसपीसी संगठन का एक लिखित पर्चा, एक पॉकेट डायरी मिली है।

डायरी में लेवी का हिसाब, विभिन्न व्यक्तियों के मोबाइल नंबर एवं संगठन से संबंधित अन्य विवरण दर्ज हैं। जीबलाल कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध बिहार और झारखंड में हत्या, पुलिस पर हमला, जबरन वसूली और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *