मेदिनीनगर : पलामू पुलिस ने नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की सक्रियता से पंजाब के जालंधर में अफीम तस्करी की योजना काे पुलिस ने विफल करते हुए 800 ग्राम अफीम बरामद किया है। वहीं दो तस्करों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

आरोपितों के पास से मोबाइल फोन और 800 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पांकी के पथरा निवासी सूचित भुइयां (25) और चतरा के लावालौंग के रिमी रामपुर के कुलेन्द्र भुइयां (25)के रूप में हुई है। इस बाबत सदर डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि विगत गुरुवार को एसपी रिष्मा रमेशन गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग पांकी की ओर से ऑटो में सवार होकर मादक पदार्थ लेकर रजवाड़ीह चौक होते हुए डालटनगंज रेलवे स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे हैं।

जिसके बाद एक टीम ने रजवाडीह चौक पर एक ऑटो को रोक कर तलाशी ली। इस क्रम में बैग लिए दो लोगों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 800 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि तरहसी के ताल से तेतर यादव से उन्‍होंने अफीम खरीदी थी। पंजाब जाने की तैयारी थी, जहां अफीम की बिक्री करनी थी। डीएसपी ने बताया कि दोनों पहली बार अफीम की तस्करी करके पंजाब बेचने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *