CRIME NEWS/मेदिनीनगर : सोमवार तड़के पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डालटनगंज के रेलवे कॉलोनी इलाके में दो अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जो फायरिंग कर लूट की साजिश रच रहे थे। दरअसल, टीओपी-02 पुलिस टीम को इलाके में फायरिंग की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी की।

इसी दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे अंशु कुमार उर्फ मंटू और आदित्य कुमार गुप्ता उर्फ लक्की को खदेड़कर पुलिस ने पकड़ लिया। जिससे किसी बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक चाकू और लोहे का फाइटर बरामद किया है।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे की लत को पूरा करने के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे थें। उन्होंने यह भी बताया कि लोगों में दहशत फैलाने के लिए ही फायरिंग की गई थी, ताकि आसानी से लूट की वारदात को अंजाम दिया जा सके।