लातेहार : रविवार को जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्हेपाट गांव के समीप एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। जिससे मोटरसाइकिल सवार युवक और युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान अनुज उरांव (20) ग्राम डहु, थाना टंडवा तथा पूनम कुमारी (18) ग्राम लावागड़ा, थाना हेरहंज के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों बालू ग्राम में लगे जतरा मेला को देखकर वापस अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान ओल्हेपाट गांव के समीप मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
दुर्घटना की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक के साथ बाइक पर सवार युवक और युवती काफी दूर जा गिरे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।