लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: विभिन्न सामाजिक व मानवीय कार्य करने वाली ‘वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट’ लगातार जनहित में सक्रिय रहती है। चाहे वह कोरोना के दौरान महिलाओं तक सेनेटरी पैड्स बांटने की बात हो या राशन ,मास्क, सेनेटाइजर गांव गांव उपलब्ध कराने की बात हो ,या स्टेशन परिसर डालटनगंज में मौजूद दोना ,पतल बनाने वाले लोगों के लिए भोजन वितरण की बात हो, चाहे सालोंभर कपड़ा बैंक से जरूरतमंदों को कपड़े उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी हो। सभी कार्यों को वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट पूरे लगन और निष्ठा के साथ करता रहा है।
इतना ही नहीं जब कोरोना वैक्सीन को लेकर खौफजदा थे ऐसे में भी टीम के लोगों ने घर – घर, गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को वैक्सीन दिलाया। संस्था ने अपने खर्च पर दर्जनों वैक्सीनेशन कैंप लगाए। वहीं वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट ने वैसे बच्चों को शिक्षित करने का भी बीड़ा उठाया है जो शिक्षा के प्रति उदासीन हैं और नियमित रूप से स्कूल नहीं जाते।तमाम सरकारी सुविधाओं के बावजूद बच्चे स्कूल नहीं जाते और माता पिता भी उनकी पढ़ाई के लिए सजग नहीं हैं। वहीं हजारों स्कूली बच्चों और आम जनता के बीच सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने वाली यह इस प्रमंडल की एकमात्र संस्था है।
इतना ही नहीं जब-जब लोकतंत्र का महापर्व चुनाव आता है तब – तब यह संस्था सुदूरवर्ती गांवों से लेकर शहर के विभिन्न मुहल्लों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाती है जिससे मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो।ऐसी ही संस्थाओं और प्रशासन की मेहनत के बदौलत इसबार जिले का चुनाव प्रतिशत बढ़ा भी है। बुजुर्ग, अस्वस्थ और दिव्यांग मतदाताओं के लिए संस्था ने विधानसभा चुनाव में अपना हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया था जिससे उन्हें वाहन सुविधा देकर सुरक्षित रूप से मतदान केंद्र तक पहुंचाया जाए। इस संबंध में
ट्रस्ट की मुख्य कर्ता -धर्ता शर्मिला वर्मा ने कहा की उनका ट्रस्ट तो अपने सामाजिक और नैतिक दायित्व का निर्वहन कर रही है लेकिन जिस रूप से जिला प्रशासन का सहयोग मिलना चाहिए वह नहीं मिल पाता है । अगर जिला प्रशासन और पब्लिक सपोर्ट मिले तो वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट निश्चय ही और ज्यादा बेहतर कार्य कर पाएगा। जिला प्रशासन से यह उम्मीद है कि वो मतदाताओं को जागरूक करने में लगातार अपनी अहम भूमिका निभाने वाले संगठनों, कलाकारों और मीडिया के बंधुओं की हौसलाअफजाई के लिए एक सम्मान समारोह आयोजित करे।ताकि आगामी चुनाव में वे और बढ़ चढ़कर योगदान दें।
