मेदिनीनगर : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर पिरामल फाउंडेशन के गांधी फेलोज़ के प्रोत्साहन एवं सहयोग से पलामू ज़िले के तीन पंचायतों मेदिनीनगर प्रखंड के चियांकी, चैनपुर प्रखंड के पूरबडीहा और पाटन प्रखंड के किशुनपुर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

ये आयोजन संबंधित पंचायतों की मुखियाओं के नेतृत्व और विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी से उत्साहपूर्वक संपन्न हुए। कार्यक्रमों का संचालन त्रिप्ती तिवारी (गांधी फेलो, चियांकी), चक्रधर साहू (गांधी फेलो, पूरबडीहा) तथा अंजली सिंह (गांधी फेलो, किशुनपुर) द्वारा किया गया।
वहीं, इन कार्यक्रमों का नेतृत्व बिंकू उरांव (मुखिया, चियांकी), संतोष दूबे (मुखिया, पूरबडीहा) और सुमन गुप्ता (मुखिया, किशुनपुर) ने किया। कार्यक्रमों के दौरान My Dream, My Vision सत्र, रैली, बालिका सभा एवं कई रोचक ice-breaking गतिविधियाँ आयोजित की गईं। बालिकाओं ने रैली के माध्यम से शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश दिया, वहीं बालिका सभा में अपने विचारों और सपनों को आत्मविश्वास के साथ व्यक्त किया।
इस अवसर पर बालिकाओं को अपने मन की बातें खुलकर रखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पंचायत एवं विद्यालय स्तर पर किशोरी मंडल गठन की पहल की गई, जिसे बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक स्वीकार किया और इसमें भागीदारी की सहमति जताई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों तथा पिरामल फाउंडेशन की प्रोग्राम लीडर सृजनी चक्रवर्ती का विशेष सहयोग रहा। इन सभी गतिविधियों का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, मासिक धर्म एवं लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता लाना तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में प्रेरणा देना रहा।