लाइव पलामू न्यूज: इन दिनों प्रसिद्धि पाने की अंधी दौड़ में कई बार लोग बिना सोचे-समझे वीडियो बनाते और पोस्ट करते रहते हैं। इसी क्रम में एक ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक को अपनी बाइक से एक ट्रेन को खींचने की कोशिश कर रहा है। हालांकि यह दृश्य बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना है, क्योंकि इससे न केवल उसकी जान को खतरा हो सकता है बल्कि रेलवे की संपत्ति को भी नुकसान पहुंच सकता है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक ने रेलवे ट्रैक पर खड़े एक खाली इंजन को अपनी बाइक के पहियों से केबल के जरिए बांध रखा है और उसे खींचने का प्रयास कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद, मुजफ्फरनगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया। जिसकी पहचान 20 वर्षीय विपिन कुमार देवबंद के मझोला का निवासी के रूप में हुई है।
आरोपी के साथ वीडियो में दिख रही बाइक और मोबाइल भी बरामद किए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पुष्टि की है कि यह वीडियो पुराना है, लेकिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे जेल भेज दिया गया है। इधर रेल मंत्रालय ने ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पिछले 10 वर्षों में रेलवे ट्रैक पर हुई आपराधिक घटनाओं की निरंतर निगरानी और चेकिंग की जाएगी। वहीं रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों का वेरिफिकेशन भी करवाया जाएगा। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल 112 पर देने को कहा गया है। वहीं कुंभ मेले के आयोजन के दृष्टिगत रेलवे ट्रैक के आसपास अवैध निर्माणों को नियमानुसार हटाने के भी आदेश दिए गए हैं।