गढ़वा : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां रंका प्रखंड के विश्रामपुर पंचायत क्षेत्र में मंगलवार की शाम  जंगल में गाय चराने गए एक ग्रामीण की हाथी के हमले में मौत हो गई। मृतक की पहचान मखड़ू उरांव के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार मखड़ू उरांव मंगलवार की शाम करीब 4 बजे गाय चराने जंगल गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल में उसका शव मिला, जो हाथी के हमले का शिकार था।

जिसके बाद रात्रि करीब 9:30 बजे इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना पर वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

इस बाबत वन विभाग के कर्मियों ने बताया कि सरकार द्वारा हाथी के हमले में मारे जाने पर चार लाख रुपये मुआवजे का प्रावधान है। फिलहाल मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में पचास हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। शेष राशि सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दी जाएगी।

ग्रामीणों ने बताया कि रंका थाना क्षेत्र के विश्रामपुर, चुतरू, दुधवल, और शेराशाम सहित कई गांवों के जंगलों में पिछले कुछ दिनों से हाथियों का झुंड देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *