मेदिनीनगर : जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के तलैया बंभंडी गांव में प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों के विरोध और हंगामे का सामना करना पड़ा। वजह थी बाल विवाह, जिसे रोकने पहुंची थी प्रशासनिक टीम। दरअसल प्रशासन को सूचना मिली थी कि इलाके में दो नाबालिगों की शादी कराई जा रही है।

जिसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रदीप दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों लड़कियों को वहां से रेस्क्यू किया। जैसे ही प्रशासनिक टीम लड़कियों को लेकर जाने लगी, ग्रामीणों और परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ ने प्रशासनिक वाहन को घेर लिया और हंगामा मचाने लगे।

इस दौरान अधिकारियों और कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। वहीं सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। इधर हंगामे के बीच ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों नाबालिगों को प्रशासनिक टीम से छुड़ाया और वहां से लेकर फरार हो गए।

डीएसपी से मिली सूचना के आधार पर बाल विवाह रोकने के लिए कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन ग्रामीणों ने प्रशासनिक कार्रवाई में बाधा डालते हुए टीम के साथ हाथापाई की और वाहन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
बीडीओ प्रदीप दास

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके में पुलिस कैंप कर रही है और पूरे मामले की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
डीएसपी राजीव रंजन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *